सोनम वांगचुक की अपील पर देवेंद्र नाथ महतो ने तोड़ा निर्जला अनशन, आंदोलन रहेगा जारी

रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनशन पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने बुधवार को पानी पीकर अपना निर्जला अनशन समाप्त कर दिया। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका अनिश्चितकालीन अनशन और आंदोलन पहले की तरह जारी रहेगा।

बताया गया कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने बुधवार को वीडियो कॉल के माध्यम से देवेंद्र नाथ महतो से लंबी बातचीत की। इस दौरान उन्होंने महतो के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उन्हें पानी पीने की सलाह दी, ताकि स्वास्थ्य सुरक्षित रहे और आंदोलन भी निरंतर चलता रहे। वांगचुक की अपील के बाद महतो ने जल ग्रहण कर अपना निर्जला अनशन समाप्त कर दिया। उन्होंने कहा कि अब वे पानी का सेवन करेंगे, लेकिन अनशन जारी रहेगा।

इधर, चिकित्सकों की एक टीम धरना स्थल पर पहुंचकर देवेंद्र नाथ महतो के स्वास्थ्य की जांच कर रही है। उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। देवेंद्र नाथ महतो के साथ महेंद्र मंडल भी अनशन पर बैठे हुए हैं।

उल्लेखनीय है कि आंदोलन में शामिल ब्रह्मानंद कुमार अब भी खुले में निर्जला अनशन पर डटे हुए हैं। उन्होंने अब तक पानी का सेवन नहीं किया है। बुधवार को उनके निर्जला अनशन का चौथा दिन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top