बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलकर ही बनेगा मजबूत और समृद्ध झारखंड : सुदीप गुड़िया

खूंटी। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को तोरपा विधानसभा क्षेत्र के डेहकेला में जयंती सह स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया शामिल हुए। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन किया।

इस अवसर पर विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा केवल महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता, स्वाभिमान, सामाजिक न्याय और जल, जंगल, जमीन के अधिकारों के प्रतीक हैं। उनके विचार और संघर्ष आज भी समाज को अपने अधिकारों, संस्कृति और परंपराओं की रक्षा के लिए प्रेरित करते हैं। उनके आदर्श झारखंड की पहचान और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही मजबूत और समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है।

विधायक ने कहा कि झारखंड राज्य का गठन यहां के पूर्वजों के लंबे संघर्ष, आंदोलन और अनगिनत बलिदानों का परिणाम है। झारखंड महज एक भौगोलिक पहचान नहीं, बल्कि आदिवासी-मूलवासी समाज की आकांक्षाओं, संस्कृति और स्वाभिमान का प्रतीक है। ऐसे में सभी की जिम्मेदारी है कि पुरखों के सपनों के अनुरूप समृद्ध, खुशहाल और विकसित झारखंड के निर्माण में योगदान दें।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में तोरपा विधानसभा क्षेत्र के गांवों का समग्र विकास, ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। धरती आबा के आदर्शों से प्रेरणा लेकर जनसेवा और विकास के संकल्प को आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top