पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में डेंगू का प्रकोप, 24 घंटे में 99 नए मामले

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में डेंगू संक्रमण तेजी से फैल रहा है। पिछले 24 घंटे में 99 नए मामले सामने आए हैं, जो वर्ष 2026 में एक दिन के दौरान दर्ज किए गए मामलों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या बताई गई है। इसके साथ ही प्रांत में इस साल संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 4,091 हो गई है।
पाकिस्तानी अखबार ‘डॉन’ की रिपोर्ट के अनुसार, एकीकृत रोग निगरानी एवं प्रतिक्रिया प्रणाली (आईडीएसआरएस) के आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रांत में फिलहाल 144 सक्रिय मामले हैं, जबकि 3,946 मरीज संक्रमण से उबर चुके हैं।

अक्टूबर में डेंगू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। कोहाट जिला संक्रमण से विशेष रूप से प्रभावित है। यहां एक अक्टूबर से अब तक 80 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद बन्नू में 24 और पेशावर में 18 मामले सामने आए हैं। कोहाट में मरीजों की संख्या बढ़ने से अस्पतालों पर दबाव बढ़ रहा है। संक्रमण पर काबू पाने और इसके प्रसार को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने प्रयास तेज कर दिए हैं।

इस बीच, पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में भी डेंगू की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस साल एक जनवरी से 16 अक्टूबर तक यहां संक्रमण के 42 मामले दर्ज किए गए। इनमें 32 मामले ग्रामीण इलाकों और 10 शहरी क्षेत्रों के हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top