उधवा । शारदीय नवरात्र के आठवें दिन रविवार को उधवा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा मंदिरों एवं पूजा पंडालों में मां दुर्गा के आठवें स्वरूप माता महागौरी की पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान,आस्था और भक्तिभाव के साथ माता महागौरी की पूजा-अर्चना की तथा पुष्पांजलि अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। पूजा को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। जानकारी के अनुसार राधानगर दुर्गा मंदिर परिसर,आतापुर,केलाबाड़ी,रामपुर,उधवा कचहरी घाट,सोमवारी हाटपाड़ा,फुदकीपुर, श्रीधर दियारा, अमानत दियारा सहित प्रखंड के अन्य क्षेत्रों में स्थित दुर्गा मंदिरों एवं पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने व्रत रखकर माता महागौरी की आराधना की। मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ पुष्पांजलि का आयोजन किया गया। जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नवरात्र के आठवें दिन माता महागौरी की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। मान्यता है कि सच्चे मन से माता की आराधना करने से भक्तों को सुख,शांति और समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है। इसी आस्था के साथ श्रद्धालु सुबह से ही पूजा की तैयारियों में जुटे रहे। पूजा पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन के लिए लोगों का आना-जाना लगा रहा। वहीं प्रखंड क्षेत्र के कुछ पूजा स्थलों पर सोमवार को भी महाअष्टमी के अवसर पर पूजा-अर्चना किए जाने की तैयारी है। इसे लेकर पूजा समितियों की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही है। नवरात्र को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ मां दुर्गा की आराधना में लीन है।

