कांग्रेस को रामलीला मैदान में एक नवंबर को रैली करने की मिली अनुमति

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस को एक नवंबर को रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने की अनुमति दे दी है। इसके लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) भी जारी कर दिया गया है।

मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक कांग्रेस ने एक नवंबर को रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने की योजना बनाई है और इसके लिए आवश्यक एनओसी प्राप्त करने को लेकर पुलिस से संपर्क किया था। निर्धारित प्रदर्शन स्थल पर रैली आयोजित करने को लेकर 25 अक्टूबर से तीन नवंबर तक की अवधि तक के लिए एनओसी जारी किया गया है।
उन्होंने बताया कि रैली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने और आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके लिए संबंधित एजेंसियों के साथ तालमेल बनाकर व्यवस्था की जा रही है।

पुलिस आयोजकों के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि रैली के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो। साथ ही ट्रैफिक पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था से जुड़े इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं। रैली के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top