उत्तराखंड में खाई में गिरी कार, आठ लोगों की मौत, चार घायल

पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के रिखणीखाल क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कलवाड़ी गांव के समीप यात्रियों से भरी इको कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हैं। दुर्घटना के समय वाहन में चालक समेत कुल 12 लोग सवार थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में फंसे चारों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, आठों मृतकों के शव भी खाई से निकाल लिए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा ने बताया कि वाहन रिखणीखाल से भंगलवाड़ की ओर जा रहा था। इस दौरान कलवाड़ी के पास यह हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक 4 घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 8 लोगों की इस सड़क दुर्घटना में मृत्यु हुई है। घायल सभी व्यक्तियों को प्राथमिक चिकित्सा केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया है।

उन्होंने बताया कि हादसे में कान्ति देवी पत्नी दिनेश चन्द्र निवासी भंगलवाड़ उम्र 45 वर्ष, रेखा देवी पत्नी प्रेम सिंह निवासी भंगलवाड़ उम्र 42 वर्ष, अनिल देवराड़ा पुत्र जयानन्द निवासी भंगलवाड़ उम्र 48 वर्ष (चालक), सुमित्रा देवी पत्नी रमेश सिह निवासी भंगलवाड़ उम्र 50 वर्ष, सुनीता देवी पत्नी मदन सिह निवासी भंगलवाड़ उम्र 45 वर्ष, धनेश्वरी देवी पत्नी किशन चन्द्र निवासी भंगलवाड़ उम्र 46 वर्ष, सरोजनी देवी पत्नी मोहन सिंह निवासी भंगलवाड़ उम्र 38 वर्ष, रजनी देवी निवासी भंगलवाड़ उम्र 25 वर्ष की मौत हो गई। घायलों में शशी देवी पत्नी गजेन्द्र सिंह निवासी भंगलवाड़ उम्र 35 वर्ष, शकुन्तला देवी पत्नी महेन्द्र सिंह निवासी भंगलवाड़ उम्र 45 वर्ष, जगदीश सिंह पुत्र भोपाल सिंह निवासी भंगलवाड़, सत्यवती देवी पत्नी जगदीश निवासी भंगलवाड़ उम्र 36 वर्ष शामिल हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि इस हृदयविदारक दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top