झारखंड के कैंसर मरीजों को महंगी दवाइयों से मिलेगी राहत : इरफान

रांची। स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा है कि कैंसर की 137 दवाइयों की कीमतों में 75 प्रतिशत तक की बड़ी राहत मिली है। इस सकारात्महक पहल से झारखंड के मरीजों को भी लाभ मिलेगा।

इसके साथ ही राज्य के सभी जिलों के सदर अस्पतालों में सरकार की ओर से सीटी स्कैमन और पेट स्कैन मशीनें लगाने की तैयारी की जा रही है।

इससे कैंसर स्क्रीनिंग और शुरुआती इलाज की व्यवस्था करने में और मजबूती मिलेगी। मंत्री ने मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से यह जानकारी दी है।

उन्होंने कहा है कि भारत सरकार के औषधि विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने 17 अक्टूबर 2026 को 137 गैर-अनुसूचित कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन अधिकतम 30 प्रतिशत निर्धारित करने का निर्णय लिया है।

यह नई व्यवस्था नौ नवंबर 2026 से प्रभावी हो चुकी है। इस व्यवस्था के तहत दवाइयों की अधिकतम खुदरा कीमत (एमआरपी) में दवा के अनुसार भारी कमी की जा रही है। कई दवाइयों की कीमतों में 50 से 75 प्रतिशत तक की कमी संभव हुई है।

कुछ दवाओं में इससे भी अधिक कटौती दर्ज की गई है।

मंत्री ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का इलाज सिर्फ इसलिए नहीं रुकना चाहिए कि किसी गरीब परिवार के पास महंगी दवाइयां खरीदने के पैसे नहीं हैं।

झारखंड में बड़ी आबादी गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की है। ऐसे परिवारों के लिए कैंसर के इलाज में लाखों रुपये खर्च करना बेहद मुश्किल होता है। कई बार परिवार अपनी जमा-पूंजी, जमीन और संपत्ति तक बेचने को विवश होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top