बंगाल के युवा ने बनाया 30 सेकंड में रक्तस्राव रोकने वाला पाउडर , सिंगापुर में मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान

कोलकाता। पूर्व बर्दवान जिले के खंडघोष स्थित बादुलिया गांव के युवा वैज्ञानिक साबिर हुसैन ने अपने अनोखे आविष्कार से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य और देश का नाम रोशन किया है। उनके द्वारा विकसित विशेष पाउडर ‘स्टॉप ब्लीड’ महज 30 सेकंड में रक्तस्राव रोकने में सक्षम है। इस आविष्कार को 29 अक्टूबर 2026 सिंगापुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ‘स्लिंगशॉट 2026’ प्रतियोगिता में बड़ी सफलता मिली है। इसी प्रतियोगिता में साबिर हुसैन को ग्रैंड विजेता घोषित किया गया था।

स्वास्थ्य एवं बायोमेडिकल श्रेणी में साबिर के स्टार्टअप ‘मिराक्यूलस’ ने शीर्ष स्थान हासिल करते हुए ग्रैंड विजेता का खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही उनकी कंपनी को चार लाख सिंगापुर डॉलर की अनुदान राशि भी मिली है।

यह स्टार्टअप राउरकेला स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) के बायोटेक्नोलॉजी एवं मेडिकल इंजीनियरिंग विभाग के सहयोग से संचालित हो रहा है। प्रोफेसर देवेंद्र वर्मा के मार्गदर्शन में इस विशेष पाउडर को विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य दुर्घटनाओं, चोट और आपातकालीन परिस्थितियों में तेजी से रक्तस्राव को नियंत्रित करना है।

साबिर हुसैन के इस आविष्कार को इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल चुकी है। करीब सात वर्ष पहले 2019 में दिल्ली स्थित डीआरडीओ भवन में उन्हें इस नवाचार के लिए सम्मानित किया गया था। उस समय केंद्रीयमंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया था।

साबिर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा खंडघोष के एक स्कूल से पूरी की। इसके बाद बर्दवान से उच्च माध्यमिक परीक्षा उत्तीर्ण की। उन्होंने कोलकाता के एक कॉलेज से बीटेक और एनआईटी राउरकेला से बायोमेडिकल विषय में एमटेक की डिग्री हासिल की।

उनके द्वारा विकसित ‘स्टॉप ब्लीड’ पाउडर को केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) की मंजूरी भी मिल चुकी है। अब तक 250 से अधिक अस्पतालों और कई सैन्य इकाइयों में इस तकनीक का इस्तेमाल किया जा चुका है।

सिंगापुर में मिली इस अंतरराष्ट्रीय सफलता के बाद एनआईटी प्रबंधन ने भी साबिर हुसैन को बधाई दी है। एक छोटे से गांव से निकलकर अपने वैज्ञानिक आविष्कार के दम पर अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने वाले साबिर की उपलब्धि बंगाल के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top