सावन की पहली सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, “हर हर महादेव” से गूंजे मंदिर

सिल्ली : सावन माह की पहली सोमवारी पर पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल रहा। सिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में स्थित शिवालयों में सोमवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग हाथों में जल, दूध और बेलपत्र लेकर मंदिरों की ओर निकल पड़े। सिल्ली बाजार स्थित आदि शिव मंदिर, मंडप टोला शिव मंदिर, फुलवार बाबा, सिल्लीडीह शिव मंदिर, मारदू का देलबेड़ा मंदिर और मूरिकेश्वर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। भक्तों ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि तथा मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से दूध, जल, मधु, बेलपत्र, धतूरा और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भोलेनाथ का अभिषेक किया। मंदिर परिसर “हर हर महादेव” और “बम बम भोले” के जयघोष से गूंजता रहा। कई स्थानों पर युवा श्रद्धालु गेरुआ वस्त्र पहनकर जलाभिषेक के लिए पहुंचे। इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष वीणा चौधरी ने आदि शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि सावन का महीना आस्था और समर्पण का प्रतीक है। भगवान शिव की कृपा से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे। मंदिरों में सुरक्षा और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की गई थी ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top