रांची में नेशनल रैपिड एंड ब्लिट्ज चेस चैंपियनशिप का समापन, अरण्यक घोष बने रैपिड कैटेगरी के चैंपियन

रांची, 14 मार्च।
रांची स्थित सरला बिरला विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित तीन दिवसीय नेशनल रैपिड एंड ब्लिट्ज चेस चैंपियनशिप 2025-26 का भव्य समापन शनिवार को हुआ। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने शतरंज के रोमांचक मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

रैपिड कैटेगरी में रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के अरण्यक घोष ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। वहीं तमिलनाडु के कार्तिकेयन मुरली दूसरे और हरि माधवन तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को 75,000 रुपये से लेकर 5,000 रुपये तक की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।

झारखंड राज्य शतरंज संघ की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया और कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर आयोजित समारोह में खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।

इस अवसर पर सरला बिरला विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक तथा कुलपति प्रो. सी. जगनाथन ने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में रांची जिला शतरंज संघ और आयोजन समिति की अहम भूमिका रही। इस दौरान आयोजन समिति के सचिव नवजोत अलंग, कोषाध्यक्ष सतीश कुमार, उपाध्यक्ष मिथिलेश पांडे, आशीष साहू, सुनील कालरा, मृदुल कुमार, दीपक कुमार, प्रभात कुमार सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

वहीं झारखंड राज्य शतरंज संघ के संरक्षक और राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने इस भव्य आयोजन के लिए आयोजन समिति और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

यह प्रतियोगिता झारखंड में शतरंज खेल को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *