भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त, आठ लाख नकद के साथ तीन गिरफ्तार

बोकारो। बोकारो पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बालीडीह थाना क्षेत्र में भारी मात्रा में विदेशी शराब, नकद राशि और कई वाहनों को जब्त किया है। इस मामले में तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय बोकारो की ओर से मंगलवार काे जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि गत दाे फरवरी को पुलिस अधीक्षक बोकारो को गुप्त सूचना मिली थी कि बालीडीह की ओर से एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब लोड कर उसे छोटे-छोटे वाहनों में अनलोड कर विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई की जा रही है। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक जरीडीह अंचल के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी दल ने जेनामोड़ फोरलेन चौक से आगे सुगर एंड स्पाइस होटल के पास एक गली में छापेमारी कर ट्रक और अन्य वाहनों से कुल 433 कार्टन अवैध विदेशी शराब बरामद की, जिसकी कुल मात्रा लगभग 4,000 लीटर बताई जा रही है। इसके साथ ही शराब की खरीद-बिक्री से जुड़े आठ लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए।

इस कार्रवाई में एक ट्रक (टाटा 1109), एक महिंद्रा पिकअप, एक हुंडई क्रेटा कार और एक छोटा हाथी टेंपो को जब्त किया गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपिताें बिनोद गोस्वामी, फुलेश्वर मांझी एवं दीपक कुमार पांडेय—को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपित बिनोद गोस्वामी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उस पर पूर्व में भी अवैध शराब से जुड़े मामले दर्ज हैं। बालीडीह थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *