मुख्यमंत्री ने ऑक्सफोर्ड के सेंट जॉन्स कॉलेज का किया दौरामरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की विरासत पर अभिलेखों का अवलोकन, झारखंड–ऑक्सफोर्ड सहयोग का प्रस्ताव
ऑक्सफोर्ड/लंदन/रांची।
मुख्यमंत्री ने अपने यूके दौरे के दौरान ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय अंतर्गत संचालित सेंट जॉन्स कॉलेज का भ्रमण किया। कॉलेज की अध्यक्ष प्रोफेसर लेडी सू ब्लैक, बैरोनेस ब्लैक ऑफ स्ट्रोम ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में हाई-टी स्वागत समारोह आयोजित किया गया।
कॉलेज भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने महान आदिवासी नेता, संविधान निर्माता एवं झारखंड आंदोलन के वैचारिक स्तंभ मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा से जुड़े दुर्लभ अभिलेखों का अवलोकन किया। जयपाल सिंह मुंडा सेंट जॉन्स कॉलेज के प्रतिष्ठित पूर्व छात्र रहे हैं। कॉलेज द्वारा उनके ऑक्सफोर्ड काल से संबंधित दुर्लभ फोटोग्राफ, ऐतिहासिक दस्तावेज़, व्यक्तिगत पत्र, नोटबुक, डिबेटिंग सोसाइटी के अभिलेख तथा हॉकी उपलब्धियों से जुड़े रिकॉर्ड प्रदर्शित किए गए। कॉलेज रिकॉर्ड के अनुसार वे डिबेटिंग सोसाइटी के सचिव व अध्यक्ष रहे और हॉकी में ‘हॉकी ब्लू’ सम्मान प्राप्त किया। आगे चलकर उन्होंने 1928 ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी भी की।
मुख्यमंत्री ने जयपाल सिंह मुंडा की विरासत को गरिमा के साथ संरक्षित किए जाने के लिए सेंट जॉन्स कॉलेज की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास झारखंड की ऐतिहासिक और बौद्धिक विरासत को वैश्विक शैक्षणिक केंद्रों से जोड़ते हैं। मुख्यमंत्री ने झारखंड राज्य निर्माण की वैचारिक नींव रखने में जयपाल सिंह मुंडा की भूमिका को रेखांकित किया और जनआंदोलन की परंपरा में दिशोम गुरु शिबू सोरेन के योगदान का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने झारखंड सरकार और सेंट जॉन्स कॉलेज के बीच संरचित सहयोग की इच्छा जताई, जिसमें अभिलेखीय आदान-प्रदान, डिजिटाइजेशन और संयुक्त संरक्षण पहल शामिल हों। प्रोफेसर लेडी सू ब्लैक ने इस रुचि का स्वागत करते हुए ऑक्सफोर्ड–झारखंड के बीच दीर्घकालिक अकादमिक सहयोग की संभावना जताई। दोनों पक्षों ने चेवनिंग–मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा छात्रवृत्ति तथा मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति में समर्पित पीएचडी/डॉक्टोरल छात्रवृत्ति पर भी विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सेंट जॉन्स कॉलेज के संकाय सदस्यों, शोधकर्ताओं और वहां अध्ययनरत भारतीय पीएचडी व स्नातकोत्तर छात्रों से संवाद भी किया।

