चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड-क्लास बनाने की तैयारी तेज़, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण

रेल, सूचना और प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने आज चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। समीक्षा के दौरान उन्होंने स्टेशन के आधुनिकीकरण प्रोजेक्ट की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। इस मौके पर राज्य मंत्री (रेलवे एवं फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज़) श्री रवनीत सिंह, उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार वर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड-क्लास स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें इनोवेटिव और मॉड्यूलर प्री-फैब्रिकेटेड डिज़ाइन का उपयोग किया जा रहा है। पुनर्विकास कार्यों पर कुल ₹462 करोड़ की लागत आएगी। स्टेशन परिसर में बनने वाला रूफ प्लाज़ा पंचकूला और चंडीगढ़ शहर के दोनों हिस्सों को आपस में जोड़ेगा, जिससे यात्रियों को और बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

उन्होंने कहा कि यह स्टेशन हिमाचल प्रदेश और पंजाब के प्रमुख पर्यटन स्थलों के लिए एक महत्त्वपूर्ण गेटवे है, इसलिए इसे विश्व-स्तरीय यात्री सुविधाओं, आधुनिक कनेक्टिविटी और सहज यात्रा अनुभव से लैस किया जा रहा है।

इससे पहले, श्री अश्विनी वैष्णव ने मोहाली स्थित सेमीकंडक्टर लेबोरेटरी (SCL) का निरीक्षण किया और रिव्यू मीटिंग की। उन्होंने बताया कि SCL को 4500 करोड़ रुपये के निवेश से आधुनिक तकनीक के साथ विस्तार दिया जा रहा है, जिससे देश की सेमीकंडक्टर क्षमता को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top