डीएसपीएमयू में 13–15 जुलाई तक प्रथम चरण और 20–23 जुलाई तक द्वितीय चरण की काउंसलिंग; बिना मूल दस्तावेजों के नहीं होगा स्नातक में नामांकन

रांची। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), रांची ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के विभिन्न पारंपरिक एवं व्यावसायिक स्नातक पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए प्रथम औपबंधिक प्रवेश सूची जारी कर दी है। सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रथम एवं द्वितीय चरण की काउंसलिंग सह नामांकन प्रक्रिया का विस्तृत कार्यक्रम भी जारी कर दिया है।
विश्वविद्यालय के अनुसार, प्रथम चरण की काउंसलिंग एवं नामांकन प्रक्रिया 13 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी, जबकि द्वितीय चरण की काउंसलिंग 20 जुलाई से 23 जुलाई 2026 तक विभागवार संपन्न होगी।
कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने स्पष्ट किया कि प्रथम औपबंधिक सूची में शामिल सभी अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित तिथि पर पूर्वाह्न 10:30 बजे अपने संबंधित विभाग में सभी मूल प्रमाण-पत्रों एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है। निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं होने या आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में अभ्यर्थी नामांकन से वंचित हो सकते हैं। उन्होंने सभी चयनित विद्यार्थियों से समयबद्ध तरीके से नामांकन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।


कुलपति ने बताया कि खेल कोटा के अंतर्गत प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्रों का सत्यापन 28 एवं 29 जुलाई 2026 को विश्वविद्यालय परिसर में किया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सभी पारंपरिक एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की अद्यतन शुल्क संरचना विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है।


आईटी इंचार्ज डॉ. अनुपम कुमार ने कहा कि नामांकन के लिए आवश्यक सभी दस्तावेजों की सूची भी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित तिथि से पूर्व सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें, ताकि नामांकन प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी की जा सके।
यह जानकारी विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार सिंह ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top