मुख्यमंत्री ने स्वयं भरा एसआईआर प्रपत्र, लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागिता का दिया संदेश

रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गुरुवार को रांची के कांके स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत स्वयं एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया।

मौके पर मुख्यमंत्री ने झारखंड के सभी पात्र मतदाताओं से तय समय सीमा के भीतर एसआईआर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री के समक्ष निर्वाचन अधिकारियों की उपस्थिति में 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ नम्बर-290 की बीएलओ ने एन्यूमरेशन फार्म भरने की प्रक्रिया पूरी की। मौके पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन ने भी स्वयं अपना एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया।

मुख्यमंत्री ने राज्य के समस्त मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे समय पर अपना एसआईआर प्रपत्र भरें तथा मतदाता सूची में अपनी जानकारी का सत्यापन सुनिश्चित कराएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक नागरिक की लोकतांत्रिक भागीदारी ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है। मुख्यमंत्री ने आम जनमानस से अपील करते हुए कहा कि सभी पात्र मतदाता एसआईआर अभियान में बढ़-चढ़कर अपनी महती भूमिका निभाएं तथा अपने परिवार, पास-पड़ोस और समाज के अन्य लोगों को भी इस प्रक्रिया में सम्मिलित होकर एसआईआर प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करें।

मौके पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, ईआरओ-सह-एडीएम धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन, बीएलओ वेरोनिका देवी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top