आरोग्य सेतु 2.0 ऐप सोमवार को होगा लॉन्च, एक ही ऐप में मिलेंगी सभी डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं

नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा सोमवार को आरोग्य सेतु 2.0 ऐप लॉन्च करेंगे। अब यह ऐप सिर्फ कोरोना से जुड़ी जानकारी देने वाला प्लेटफॉर्म नहीं रहेगा बल्कि नागरिकों के लिए वन-स्टॉप डिजिटल हेल्थ एप के रूप में काम करेगा।

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत विकसित इस नए एप का उद्देश्य लोगों को एक ही जगह सभी प्रमुख डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। करीब 20 करोड़ डाउनलोड वाले आरोग्य सेतु ऐप को अब डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम का मुख्य प्रवेश द्वार बनाया जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को जानकारी दी कि इस ऐप के जरिए लोग अपनी आभा हेल्थ आईडी बना सकेंगे और अपने मेडिकल रिकॉर्ड, जांच रिपोर्ट और इलाज से जुड़े दस्तावेज़ सुरक्षित रख सकेंगे। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर के साथ रिकॉर्ड आसानी से साझा भी किए जा सकेंगे। अगर किसी के पास लैब रिपोर्ट या मेडिकल दस्तावेज़ पीडीएफ या फोटो के रूप में हैं, तो ऐप में मौजूद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस उन्हें पढ़कर डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड में बदल देगा। इससे एक व्यक्तिगत हेल्थ डैशबोर्ड तैयार होगा।

मंत्रालय ने बताया कि ऐप में हार्ट रेट, ब्लड शुगर, कदमों की संख्या, कैलोरी और अन्य जरूरी स्वास्थ्य जानकारी रिकॉर्ड की जा सकेगी। स्मार्टवॉच और फिटनेस बैंड जैसे वेयरेबल डिवाइस से भी इसे जोड़ा जा सकेगा। मेडिकेशन रिमाइंडर फीचर के जरिए दवा लेने का समय, मात्रा और कितनी बार दवा लेनी है, इसकी याद दिलाई जाएगी। एक ऐप में

माता-पिता, जीवनसाथी और बच्चों का प्रोफाइल एक ही अकाउंट में जोड़कर सभी का स्वास्थ्य रिकॉर्ड एक जगह देखा और प्रबंधित किया जा सकेगा। जीपीएस की मदद से नजदीकी अस्पताल, क्लिनिक, डॉक्टर और डायग्नोस्टिक सेंटर खोजे जा सकेंगे। साथ ही ई रक्तकोष के जरिए ब्लड बैंक में उपलब्ध रक्त की जानकारी भी मिलेगी। ऐप में पीएम-जेएवाई वॉलेट के जरिए यह देखा जा सकेगा कि इलाज के लिए कितना कवर उपलब्ध है, कितना खर्च हो चुका है और परिवार के किस सदस्य ने कितना उपयोग किया है।

इसके अलावा निजी स्वास्थ्य बीमा की जानकारी और क्लेम की स्थिति भी देखी जा सकेगी।

कैशलेस इलाज वाले अस्पताल खोजें

आयुष्मान भारत योजना से जुड़े अस्पतालों को राज्य, जिला, पिन कोड, विशेषज्ञता या अस्पताल के नाम के आधार पर आसानी से खोजा जा सकेगा।

इस ऐप में ‘माई कंसेंट ’ फीचर के जरिए स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा करने का पूरा अधिकार उपयोगकर्ता के पास रहेगा। उसकी अनुमति के बिना कोई भी स्वास्थ्य रिकॉर्ड साझा नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top