जनसेवा और कानून-व्यवस्था के प्रति समर्पित रहें नव नियुक्त पुलिसकर्मी : हेमंत सोरेन

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि आम जनता की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने नव नियुक्त पुलिस अधिकारियों और जवानों से अपने प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं कौशल का उपयोग राज्यहित और जनसेवा के लिए पूरी निष्ठा के साथ करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री गुरुवार को डोरंडा स्थित जैप-1 ग्राउंड में आयोजित “बुनियादी प्रशिक्षुओं के पासिंग-आउट परेड समारोह-2026” में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षुओं को इस दिन का लंबे समय से इंतजार था और लगभग 30 सप्ताह के कठोर एवं अनुशासित प्रशिक्षण के बाद वे अब राज्य की सेवा के लिए तैयार हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बैच में अनुकंपा के आधार पर नियुक्त जवानों के साथ-साथ झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के माध्यम से नियुक्त पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) भी शामिल हैं। उन्होंने विशेष प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस बैच में लगभग 25 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी है, जो पुलिस बल में बढ़ती महिला सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक संकेत है। उन्होंने सभी महिला पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य के प्रत्येक क्षेत्र में पुरुषों और महिलाओं की समान भागीदारी सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

हेमंत सोरेन ने कहा कि कुछ देर पहले प्रशिक्षुओं ने बारिश के बीच शपथ ग्रहण की है। यह शपथ केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनसेवा के प्रति आजीवन प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्दीधारी बल के सदस्य होने के नाते यह जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है, क्योंकि अब उनका जीवन केवल व्यक्तिगत नहीं रह जाता, बल्कि राज्य और समाज की सुरक्षा से जुड़ जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मियों के सामने कई बार ऐसी परिस्थितियां आती हैं, जहां उन्हें अपने जीवन की परवाह किए बिना कर्तव्य का निर्वहन करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कई पुलिसकर्मियों ने राज्य और देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया है। ऐसे में नव नियुक्त जवानों और अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे उस अधूरे सफर को आगे बढ़ाएं और जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और अन्य विषयों पर जो शिक्षा दी गई है, उसका प्रभाव अब राज्य की सुरक्षा व्यवस्था में दिखाई देना चाहिए। यदि सभी पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे तो राज्य के सामने आने वाली चुनौतियों का प्रभावी समाधान संभव होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिकूल मौसम के कारण इस वर्ष पासिंग-आउट परेड कार्यक्रम पुलिस परिसर के भीतर आयोजित करना पड़ा, लेकिन इससे प्रशिक्षुओं और उनके परिजनों का उत्साह कम नहीं होना चाहिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

इस क्रम में उन्होंने घोषणा की कि पुलिस विभाग के लिए आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त आवासीय विद्यालयों का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष चिकित्सा व्यवस्था भी विकसित की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और पुलिस बल के संयुक्त प्रयासों से राज्य विकास और सुशासन की दिशा में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। उन्होंने सभी नव नियुक्त पुलिस उपाधीक्षकों और आरक्षियों को उत्कृष्ट परेड प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा प्रशिक्षण प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस विभाग की सराहना की।

समारोह के दौरान प्रशिक्षु जवानों ने आकर्षक मार्चपास्ट और कदमताल का प्रदर्शन किया। नव नियुक्त पुलिसकर्मियों को संविधान, देश एवं राज्य सेवा, पुलिस बल की गरिमा, अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ भी दिलाई गई।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने जैप-1 ग्राउंड परिसर स्थित शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा पासिंग-आउट परेड-2026 का निरीक्षण किया। उन्होंने सीटीसी स्वासपुर, मुसाबनी में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके पुलिस उपाधीक्षकों और विभिन्न जिला एवं इकाइयों से आए नव नियुक्त आरक्षियों के बीच अंतिम परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित भी किया।

पासिंग-आउट परेड में राज्य के चार पुलिस उपाधीक्षक तथा 336 आरक्षी शामिल हुए, जिनमें 255 पुरुष और 81 महिला आरक्षी शामिल थे।

इस अवसर पर राज्य की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा, एडीजी प्रिया दुबे सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top