सीयूईटी-यूजी 2026 परिणाम घोषित, एक अभ्यर्थी ने चार विषयों में हासिल किया 100 पर्सेंटाइल

नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने मंगलवार को कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी-यूजी) 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अपना स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। इस वर्ष 15.68 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जबकि 11.64 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।

एनटीए द्वारा जारी परिणाम के अनुसार, इस वर्ष के परिणाम में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज की गई हैं। एक अभ्यर्थी ने अपने चुने गए पांच में से चार विषयों में 100 पर्सेंटाइल प्राप्त किया। इसके अलावा 22 अभ्यर्थियों ने तीन विषयों में, 180 अभ्यर्थियों ने दो विषयों में और 3,214 अभ्यर्थियों ने एक विषय में 100 पर्सेंटाइल हासिल किया।

पांच विषयों के कुल एनटीए स्कोर के आधार पर तैयार शीर्ष-20 अभ्यर्थियों की सूची में आवेदन संख्या 263510269243 पहले स्थान पर रही। इस अभ्यर्थी ने 1232.19 का एग्रीगेट एनटीए स्कोर प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर आवेदन संख्या 263510280526 (1230.82) और तीसरे स्थान पर आवेदन संख्या 263510250636 (1207.21) रही।

लैंगिक श्रेणी के आधार पर जारी सूची में पुरुष वर्ग में आवेदन संख्या 263510280526 ने 1230.82 अंक के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जबकि महिला वर्ग में आवेदन संख्या 263510269243 1232.19 अंक के साथ पहले स्थान पर रही।

अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग में पुरुष अभ्यर्थियों में आवेदन संख्या 263510375529 (1142.98) और महिला अभ्यर्थियों में आवेदन संख्या 263510669272 (1171.46) शीर्ष पर रहीं। वहीं अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग में पुरुष अभ्यर्थियों में आवेदन संख्या 263510341112 (1079.96) तथा महिला अभ्यर्थियों में आवेदन संख्या 263510509426 (1160.41) ने सर्वोच्च एग्रीगेट स्कोर हासिल किया।

दिव्यांग अभ्यर्थियों की शीर्ष-10 सूची में आवेदन संख्या 263510208898 ने 1092.95 एग्रीगेट एनटीए स्कोर के साथ पहला स्थान प्राप्त किया।

एनटीए के अनुसार केंद्रीय विश्वविद्यालयों तथा अन्य भागीदार विश्वविद्यालयों, संस्थानों और स्वायत्त महाविद्यालयों के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित सीयूईटी (यूजी)-2026 का आयोजन 11 से 31 मई तथा 6 और 7 जून को कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) मोड में किया गया था। परीक्षा का आयोजन 321 शहरों में किया गया, जिनमें 13 विदेशी शहर भी शामिल थे। विदेशी परीक्षा केंद्रों में अबू धाबी, दोहा, काठमांडू, कुआलालंपुर, कुवैत सिटी, लागोस, मनामा, मस्कट, रियाद, शारजाह, सिंगापुर, वेस्ट जावा और वाशिंगटन शामिल थे।

परीक्षा में कुल 37 विषय शामिल थे, जिनमें 13 भाषाएं, 23 विषय-विशिष्ट पाठ्यक्रम और एक जनरल एप्टीट्यूड टेस्ट शामिल था। प्रश्नपत्र 13 भाषाओं में उपलब्ध कराए गए। परीक्षा को 19 दिनों में 35 शिफ्टों में संपन्न कराया गया।

इस वर्ष परीक्षा के लिए 15,68,867 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जबकि 11,64,098 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। अभ्यर्थियों को अधिकतम पांच विषय चुनने की सुविधा दी गई थी। इसके परिणामस्वरूप लगभग 67,56,327 टेस्ट-इंस्टेंस और 12,906 अलग-अलग विषय संयोजन बने।

एजेंसी ने बताया कि परिणाम अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर तैयार किए गए हैं और परीक्षा समाप्त होने के मात्र 16 दिनों के भीतर परिणाम घोषित कर दिए गए, जो पिछले वर्ष की तुलना में 14 दिन कम है। विश्वविद्यालयों को अभ्यर्थियों के स्कोर साझा किए जा रहे हैं और अब प्रवेश प्रक्रिया संबंधित विश्वविद्यालय अपने नियमों के अनुसार संचालित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top