डीएसपीएमयू में समयबद्ध नामांकन और नियमित सत्र पर जोर, कुलपति ने की समीक्षा बैठक

रांची। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), रांची के कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने विश्वविद्यालय के सभी संकायों के डीन, विभागाध्यक्षों और समन्वयकों को निर्देश दिया है कि निर्धारित सीटों पर पूर्ण पारदर्शिता के साथ नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराई जाए तथा नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं समय पर प्रारंभ करना सुनिश्चित किया जाए।

सोमवार को विश्वविद्यालय के गांधी सभागार में ग्रीष्मावकाश के उपरांत पहले कार्यदिवस पर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुलपति ने पूर्व में निर्धारित कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक का उद्देश्य विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना पर विमर्श करना था।

बैठक में कुलपति ने नए सत्र के नामांकन की तैयारियों पर विशेष चर्चा की। उन्होंने कहा कि आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद प्रत्येक विभाग पारदर्शिता बनाए रखते हुए मेधा सूची प्रकाशित करेगा और उसी के आधार पर नामांकन प्रक्रिया संचालित होगी। उन्होंने स्पोर्ट्स, एनसीसी एवं बीपीएल श्रेणी के अंतर्गत नामांकन से संबंधित नियमों और दिशा-निर्देशों की भी जानकारी दी।

कुलपति ने बताया कि यूजी छठे सेमेस्टर की परीक्षाएं अगस्त के अंत में तथा पीजी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं जुलाई के अंतिम सप्ताह में आयोजित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि सत्र नियमित होने के बाद विश्वविद्यालय का लक्ष्य वर्ष 2026 के अंत तक दीक्षांत समारोह आयोजित कर अब तक उत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र उपलब्ध कराना है।

बैठक में विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए बैकलॉग परीक्षाओं पर लिए गए निर्णयों की भी समीक्षा की गई। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय ने सकारात्मक पहल करते हुए ऐसे विद्यार्थियों को सेमेस्टर-5 और वर्तमान में संचालित सेमेस्टर-3 की परीक्षाओं में शामिल होने की अनुमति दी है, जो किसी कारणवश सामान्य सत्र में पीछे रह गए थे।

बैठक में डीएसडब्ल्यू डॉ सर्वोत्तम कुमार, कुलसचिव डॉ धनंजय वासुदेव द्विवेदी, परीक्षा नियंत्रक डॉ शुचि संतोष बरवार, वित्त पदाधिकारी डॉ अनीता मेहता सहित सभी संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष, निदेशक एवं समन्वयक उपस्थित थे। इसकी जानकारी विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ राजेश कुमार सिंह ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top