धनबाद। आजसू पार्टी के 41वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को धनबाद में विशाल जनाक्रोश मार्च का आयोजन किया गया। पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू प्रमुख सुदेश महतो के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा ओडिशा और पश्चिम बंगाल से भी हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
जनाक्रोश मार्च गोल्फ ग्राउंड से शुरू होकर कोयला नगर स्थित नेहरू कॉम्प्लेक्स ग्राउंड तक पहुंचा। मार्च के बाद आयोजित जनाक्रोश सभा में सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि झारखंड में विकास नहीं बल्कि वसूली की सरकार चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की वर्तमान सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने में विफल रही है और झारखंडी भावनाओं का प्रतिनिधित्व नहीं करती।
सभा को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने राज्य में कानून-व्यवस्था, विस्थापन, बेरोजगारी और अवैध खनन जैसे मुद्दों को उठाया। उन्होंने धनबाद से जुड़े हालिया घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि अपराध और प्रशासन के बीच गठजोड़ के आरोप गंभीर हैं तथा संबंधित मामलों की जांच राष्ट्रीय स्तर की एजेंसी से कराई जानी चाहिए।
आजसू प्रमुख ने कहा कि पार्टी संघर्ष की पृष्ठभूमि से निकली है और झारखंड आंदोलन में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं स्व. विनोद बिहारी महतो, ए.के. राय और शिबू सोरेन के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने कहा कि विस्थापितों, किसानों, मजदूरों और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए आजसू लगातार संघर्ष करती रहेगी। धनबाद को आर्थिक जोन के रूप में विकसित करने की मांग करते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं देती है तो पार्टी आगे और बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।
जनाक्रोश मार्च और सभा में सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, विधायक निर्मल महतो, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो, मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

