धनबाद। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देशानुसार मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव एवं उनकी रोकथाम को लेकर जिलेभर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला समाज कल्याण विभाग, धनबाद द्वारा विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं ने उपस्थित लोगों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही लोगों को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में नारा लेखन (स्लोगन) गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों पर आधारित प्रेरणादायक संदेश प्रस्तुत किए। इन गतिविधियों के माध्यम से समाज में नशे के खिलाफ सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में उपस्थित प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। शपथ के माध्यम से सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
जिला समाज कल्याण विभाग ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

