हथियार के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार

लातेहार। पुलिस ने गुप्त सूचना पर छापामारी अभियान चलाकर बरियातू थाना क्षेत्र के बनालात गांव के निकट से कुख्यात राहुल सिंह गिरोह के तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक पिस्तौल, दो जिंदा गोलियां और चोरी की बाइक और मोबाइल बरामद हुआ।गिरफ्तार आरोपितों में चतरा जिले के निवासी भोलानाथ गंझु और विनोद कुमार गंझु और बालूमाथ निवासी फलिन्द्र गंझू शामिल हैं।

रविवार को प्रेस वार्ता करते हुए डीएसपी उमेश सिंह ने बताया कि लातेहार एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल सिंह गिरोह के अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में इलाके में जुटे हुए हैं। सूचना के बाद बरियातू और बालूमाथ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की।

पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक भागने लगे, लेकिन जवानों ने खदेड़कर उन्हें पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे राहुल सिंह गिरोह के लिए काम करते हैं और लेवी वसूली के उद्देश्य से हिंसक वारदात की योजना बना रहे थे। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि बरामद मोबाइल फोन में से एक का इस्तेमाल एक व्यवसायी से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के लिए किया गया था। इस संबंध में पूर्व से थाना में मामला दर्ज है।

डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास रहा है और यह लोग पहले जेल भी जा चुके हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top