एफआईएच महिला हॉकी नेशंस कप 2025-26 : भारत ने चिली को 6-0 से रौंदकर फाइनल में बनाई जगह

ऑकलैंड। भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए एफआईएच महिला हॉकी नेशंस कप न्यूज़ीलैंड 2025-26 के सेमीफाइनल में शनिवार को चिली को एकतरफा मुकाबले में 6-0 से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की और फाइनल में प्रवेश कर लिया।

भारतीय टीम की इस शानदार जीत में नवनीत कौर और दीपिका ने दो-दो गोल दागे, जबकि नेहा और ऋतुजा दादासो पिसाल ने एक-एक गोल किया। कप्तान सलीमा टेटे को उनके बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

भारत अब फाइनल में अमेरिका और मेज़बान न्यूज़ीलैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से भिड़ेगा।

भारत ने मुकाबले की शुरुआत से ही गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और छठे मिनट में मिले पहले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए बढ़त हासिल की। नवनीत कौर ने सटीक शॉट लगाकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई।

13वें मिनट में कप्तान सलीमा टेटे ने बाएं फ्लैंक से शानदार मूव बनाते हुए गेंद नवनीत तक पहुंचाई और उन्होंने अपना दूसरा गोल दागकर भारत की बढ़त दोगुनी कर दी।

इसके बाद दीपिका ने लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए 14वें और 18वें मिनट में गोल दागे और भारत ने पहले हाफ में ही 4-0 की मजबूत बढ़त बना ली।

दीपिका के इन दो गोलों के साथ टूर्नामेंट में उनके कुल गोलों की संख्या छह हो गई और वह शीर्ष गोल स्कोरर बन गईं।

दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम ने आक्रामक खेल जारी रखा। नेहा ने 32वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 5-0 किया। इसके बाद ऋतुजा दादासो पिसाल ने 39वें मिनट में ओपन प्ले से शानदार रिवर्स हिट लगाकर भारत का छठा गोल दाग दिया।

अंतिम क्वार्टर में चिली ने कुछ मौके बनाए, लेकिन भारतीय गोलकीपर सविता ने बेहतरीन बचाव करते हुए विपक्षी टीम को कोई गोल नहीं करने दिया।

भारत ने अंत तक अपना दबदबा बनाए रखा और 6-0 की बड़ी जीत के साथ खिताबी मुकाबले में जगह पक्की कर ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top