विश्व साइकिल दिवस पर ICAI रांची शाखा ने निकाली जागरूकता साइकिल रैली, पर्यावरण संरक्षण और फिटनेस का दिया संदेश

रांची। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI), रांची शाखा द्वारा एक भव्य साइकिल जागरूकता अभियान एवं साइकिल रैली का आयोजन किया गया। मोराबादी, रांची से शुरू हुई इस रैली में 50 से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और सीए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा प्रदूषण मुक्त परिवहन के प्रति लोगों को जागरूक करना था। रैली के माध्यम से प्रतिभागियों ने हरित एवं स्वस्थ भविष्य का संदेश दिया और आम नागरिकों को दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में ICAI रांची शाखा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ विभिन्न सामाजिक और खेल संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए साइकिल चलाने के महत्व पर बल दिया।

इस अवसर पर ICAI रांची शाखा के उपाध्यक्ष सीए विवेक खोवाल, सचिव सीए दिलीप कुमार तथा कार्यकारिणी समिति सदस्य सीए अभिषेक केडिया सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण और फिटनेस को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

सचिव सीए दिलीप कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि साइकिल केवल एक परिवहन का साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में एक प्रभावी कदम है। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर कार्बन उत्सर्जन को कम किया जा सकता है तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर वातावरण का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने सभी सदस्यों एवं विद्यार्थियों से नियमित रूप से साइकिल चलाने और इस संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया। उपस्थित सदस्यों ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं पर्यावरणीय अभियानों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top