चंदवा। चंदवा-चांपी मार्ग पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जब राउरकेला से लोहा-चादरा लोड कर पटना जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा 33 नंबर के दक्षिण-पूर्वी छोर स्थित महादेव मण्डा के समीप हुआ, जिसमें ट्रक के केबिन में तीन लोग गंभीर रूप से फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही चंदवा थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गैस कटर और अन्य उपकरणों की सहायता से क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर घायलों को बाहर निकाला गया।
घायलों की पहचान धर्मेंद्र कुमार (23), पिता उदय यादव, निवासी जबड़ा (चतरा), रामधारी यादव (40), पिता जगदेव यादव, निवासी इटखोरी (चतरा) तथा सत्येंद्र यादव (22), पिता महावीर यादव, निवासी छतरपुर (पलामू) के रूप में हुई है।
पुलिस ने पहले धर्मेंद्र कुमार और रामधारी यादव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चंदवा पहुंचाया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को रिम्स, रांची रेफर कर दिया। वहीं तीसरे घायल सत्येंद्र यादव को भी गंभीर चोटें आने के कारण बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेजा गया।
प्रशासन की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना का मामला कुड़ू थाना क्षेत्र से संबंधित बताया जा रहा है, लेकिन चंदवा थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से समय रहते सभी घायलों का सफल रेस्क्यू किया जा सका।
क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियान में पुलिस और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की जा रही है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

