रांची। झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना के तहत राज्य के 50 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को यूनाइटेड किंगडम (UK) के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में एक वर्षीय मास्टर्स पाठ्यक्रम करने का अवसर मिलेगा। इस योजना के अंतर्गत चयनित छात्रों की ट्यूशन फीस, वीजा शुल्क, स्वास्थ्य बीमा तथा हवाई यात्रा का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
योजना के तहत कुल 50 सीटें निर्धारित की गई हैं, जिनमें ST वर्ग के लिए 20, OBC के लिए 14, SC के लिए 10 तथा अल्पसंख्यक वर्ग के लिए 6 सीटें आरक्षित हैं। साथ ही, कुल सीटों में 30 प्रतिशत आरक्षण छात्राओं के लिए रखा गया है।
चयनित विद्यार्थियों को लंदन में अध्ययन के लिए £20,000 तथा लंदन के बाहर अध्ययन के लिए £16,500 वार्षिक भत्ता भी प्रदान किया जाएगा। योजना का लाभ झारखंड के स्थायी निवासी, 35 वर्ष से कम आयु, स्नातक में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक तथा दो वर्ष का कार्यानुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को मिलेगा।
गौरतलब है कि पहले इस योजना का लाभ 25 छात्रों को मिलता था, जिसे बढ़ाकर अब 50 कर दिया गया है। योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक पोर्टल पर अपडेट देखते रहें।
आवेदन हेतु वेबसाइट:
https://jsacportal.jharkhand.gov.in/mgos_v2/

