रास चुनाव : कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची जारी, झारखंड से प्रणव झा को बनाया उम्मीदवार

राज्यसभा चुनाव : कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची जारी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पवन खेड़ा समेत 7 नाम घोषित

नई दिल्ली। कांग्रेस ने देश के विभिन्न राज्यों में होने वाले राज्यसभा के आगामी द्विवार्षिक एवं उप-चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।

कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल की ओर से गुरुवार को जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं और संगठनात्मक चेहरों पर भरोसा जताया है। कर्नाटक से पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, मीडिया विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा और मंसूर अली खान को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, मध्य प्रदेश की सीट से पूर्व सांसद मीनाक्षी नटरजन को प्रत्याशी घोषित किया गया है।

इसके अलावा, कांग्रेस ने राजस्थान से नीरज डांगी, तमिलनाडु से पार्टी के डेटा एनालिटिक्स विभाग के प्रमुख प्रवीण चक्रवर्ती और झारखंड से प्रणव झा को अपना राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है।

चुनावी मैदान में उतर रहे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पार्टी के सबसे वरिष्ठ और कद्दावर नेताओं में शुमार हैं। वर्तमान में वे राज्यसभा में विपक्ष के नेता की भूमिका भी निभा रहे हैं। वहीं, कर्नाटक से उम्मीदवार बनाए गए पवन खेड़ा पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया अध्यक्ष हैं और मीडिया व रणनीतिक मोर्चे पर कांग्रेस का प्रमुख चेहरा हैं। मध्य प्रदेश से उम्मीदवार बनीं मीनाक्षी नटरजन को राहुल गांधी की कोर टीम का हिस्सा माना जाता रहा है और वे मंदसौर से लोकसभा सांसद रह चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top