मुजफ्फरपुर में प्रसाद अस्पताल में भीषण आग, पांच लोगों की मौत

मुजफ्फरपुर/पटना। बिहार के मुजफ्फरपुर शहर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसाद अस्पताल में लगी भीषण आग की घटना में अब तक 05 लोगों की मौत हो चुकी है। नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह ने इसकी पुष्टि की है।

आग तड़के करीब 3 बजे अस्पताल के आईसीयू वार्ड में लगी थी। इसके बाद देखते ही देखते पूरे अस्पताल में धुआं फैल गया। इससे अस्पताल परिसर के अंदर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि घटना में अब तक 05 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि अभी तक की जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगना सामने आया है। इससे आईसीयू वार्ड में लगे एसी में ब्लास्ट हुआ और आग तेजी से फैल गई।

मृतकों की पहचान मुजफ्फरपुर के औराई निवासी शशांक कुमार, मोतीपुर निवासी गीता देवी, शिवहर जिले के तरियानी निवासी उदय कुमार, कृष्ण नंदन और चंचला कुमारी के रूप में हुई है। वहीं घटना में झुलसे कई लोगों का अभी भी अस्पतालों में इलाज चल रहा है, जिनके बारे में ज्यादा जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।

सहायता राशि का ऐलान

प्रदेश के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में आग लगने से व्यक्तियों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है। शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस कठिन समय में संबल दें।

उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को अविलंब 4-4 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान प्रदान करने का निर्देश दिया गया है। स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है तथा घायलों के उपचार के लिए सदर अस्पतालों में समुचित व्यवस्था की गई है।

वहीं बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top