चतरा में 6 लाख रुपए की अफीम जब्त:सिमरिया पुलिस ने गोठाई जंगल से लावालौंग के दो तस्कर पकड़े, एक हुआ फरार




चतरा जिले में सिमरिया थाना पुलिस को अफीम तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गोठाई जंगल में छापेमारी कर करीब 6 लाख रुपये की अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए तस्करों के पास से 1 किलो 113 ग्राम अफीम बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 6 लाख रुपए बताई जा रही है। गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नागरगोजे शुभम भाऊ साहेब ने इस पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस को शाम के वक्त एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। सूचना में बताया गया था कि बगरा-लावालौंग रोड के किनारे स्थित गोठाई गांव के पास जंगल में कुछ तस्कर अवैध रूप से अफीम की खरीद-बिक्री के लिए जुटे हुए हैं और किसी बड़ी खेप की डील होने वाली है। तस्कर पुलिस वाहन को देख भागने लगे सूचना का सत्यापन और त्वरित कार्रवाई करने के लिए सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहेब के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। विशेष टीम जैसे ही पूरी सतर्कता के साथ गोठाई के पास बगरा-लावालौंग रोड के किनारे जंगल में पहुंची, वैसे ही वहां खड़े तस्कर पुलिस के वाहन को देखकर बदहवास होकर भागने लगे। हालांकि, पहले से मुस्तैद सशस्त्र बल के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और पीछा करके दो आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया। हालांकि, एक आरोपी जंगल और झाड़ियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा, जिसकी पहचान सरफराज खान के रूप में की गई है। 1.113 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद पकड़े गए तस्करों की पहचान लावालौंग थाना क्षेत्र के जलमा गांव निवासी 30 वर्षीय राजू गंझू और 27 वर्षीय रामदेव गंझू के रूप में हुई है। जब पुलिस ने पकड़े गए आरोपी राजू गंझू की गहनता से तलाशी ली, तो उसके कमर में दाहिनी ओर खोंसकर रखा हुआ एक प्लास्टिक का थैला बरामद हुआ, जिसे खोलने पर 1.113 किलोग्राम अवैध अफीम पाई गई। इसके साथ ही तस्करी के इस खेल में इस्तेमाल किए जा रहे ओप्पो कंपनी के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे वहां अफीम की डील करने पहुंचे थे। इस मामले में सिमरिया थाना में कांड संख्या-99/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top