केंद्रीय मंत्री ने सरकार से की अपील:कोडरमा कॉलेजों का विश्वविद्यालय स्थानांतरण आदेश वापस लेने की मांग, आंदोलन की चेतावनी




कोडरमा जिले के अंगीभूत कॉलेजों को जेसी बोस विश्वविद्यालय, गिरिडीह में स्थानांतरित करने का मामला अब गरमा गया है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने राज्य सरकार से यह फैसला वापस लेने की अपील की है और आंदोलन की चेतावनी दी है। शुक्रवार को कोडरमा परिसदन में मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने राज्य सरकार से छात्र हित में अपील की। उन्होंने कहा कि जिले के अंगीभूत कॉलेजों को गिरिडीह के सर जेसी बोस यूनिवर्सिटी के बजाय हजारीबाग के विनोबा भावे विश्वविद्यालय में ही रखा जाए। मंत्री ने तर्क दिया कि हजारीबाग से गिरिडीह विश्वविद्यालय बदलने से छात्रों के लिए यह अव्यावहारिक होगा। इससे दूरी बढ़ेगी और उच्च शिक्षा प्राप्त करने में छात्रों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार ने यह फैसला एक मंत्री और विधायक को ध्यान में रखकर लिया है। उन्होंने इस निर्णय को अव्यावहारिक बताया और चेतावनी दी कि भाजपा इस सरकारी निर्णय को बदलने के लिए चरणबद्ध आंदोलन करेगी। इस दौरान मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने तीसरी, सतगांवां और गिरिडीह रेल लाइन को मंजूरी मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और रेल मंत्री ने इस क्षेत्र के लाखों परिवारों को एक बड़ी सौगात दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top