Indian National Congress की झारखंड इकाई द्वारा सीएनजी, पेट्रोल, डीजल, दूध और दही की कीमतों में वृद्धि के विरोध में शनिवार को पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Keshav Mahato Kamlesh ने किया। इस दौरान केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री Narendra Modi की आर्थिक नीतियों पर जमकर निशाना साधा गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Keshav Mahato Kamlesh ने आरोप लगाया कि जब देश आर्थिक संकट और महंगाई से जूझ रहा था, तब केंद्र सरकार पांच राज्यों के चुनाव प्रचार में व्यस्त थी और अब जब जनता को राहत की आवश्यकता है, तब प्रधानमंत्री विदेश दौरे पर हैं। उन्होंने कहा कि तेल कंपनियों के मामूली नुकसान की चिंता सरकार को है, लेकिन 140 करोड़ जनता की परेशानियां नजर नहीं आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि देश में थोक महंगाई दर 42 महीने के उच्चतम स्तर 8.3 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम लोगों की रसोई और घरेलू बजट पूरी तरह प्रभावित हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आर्थिक और विदेश नीति विफल साबित हो रही है और सरकार “प्यास लगने पर कुआं खोदने” जैसी नीति पर काम कर रही है।
Keshav Mahato Kamlesh ने कहा कि जब जनता को राहत देने वाली घोषणाओं की जरूरत है, तब प्रधानमंत्री लोगों को सोना नहीं खरीदने, विदेश यात्रा नहीं करने और किसानों को यूरिया की खपत कम करने की सलाह दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता को दिखावटी उपाय नहीं बल्कि ठोस समाधान चाहिए।
कार्यक्रम में विधायक दल के उपनेता Rajesh Kachhap समेत नमन विक्सल कोंगाड़ी, सुरेश बैठा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष Rajesh Thakur, शहजादा अनवर, रविंद्र सिंह, संजय लाल पासवान, राकेश सिन्हा, जयप्रकाश गुप्ता, आलोक कुमार दुबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव, सोनाल शांति, अभिलाष साहू, प्रेम प्रकाश, नीतू देवी, मेरी तिर्की, अर्चना मिश्रा, गौरव सिंह सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
