शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के विकास की दिशा में सराहनीय कदम
रांची: नामकुम प्रखंड के हरातू गांव स्थित विद्यालय का उद्घाटन उषा मार्टिन फाउंडेशन की पहल पर पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पंचायत की मुखिया नूतन पाहन, सरपंच अरविंद लोहरा एवं प्रधान गोपाल मुंडा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर उषा मार्टिन फाउंडेशन के हेड डॉ. मयंक मुरारी ने कहा कि शिक्षा ग्रामीण विकास की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन लगातार गांवों में शिक्षा, कौशल विकास एवं बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कार्य कर रहा है, ताकि बच्चों को बेहतर अवसर और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
मुखिया नूतन पाहन ने कहा कि विद्यालय में नई सुविधाओं के उपलब्ध होने से बच्चों को बेहतर माहौल में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। वहीं सरपंच अरविंद लोहरा ने इस पहल को ग्रामीण बच्चों के भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उषा मार्टिन फाउंडेशन द्वारा विद्यालय में चारदीवारी, छात्र एवं छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय, बेंच-डेस्क, कुर्सी एवं अलमारी की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही स्कूल भवन के खिड़की-दरवाजों की मरम्मत, रंग-रोगन एवं पूरे परिसर का जीर्णोद्धार किया गया है, जिससे विद्यालय का वातावरण आकर्षक और सुविधाजनक बन सका है।
कार्यक्रम में प्रिया बागची, बरुण कुमार, भुनेश्वर महतो, मेवालाल महतो, मोनित भूटकुमार एवं संगीता कुमारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं बच्चे उपस्थित थे।
