कोलकाता/रांची, 13 मई 2026 : झारखंड सरकार के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने बुधवार को कोलकाता के थिएटर रोड स्थित झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उद्योग सचिव अरवा राजकमल भी मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री यादव ने कहा कि यह इम्पोरियम केवल उत्पादों की बिक्री का केंद्र नहीं, बल्कि झारखंड के हजारों कारीगरों के सपनों, मेहनत और आत्मविश्वास का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा मिलेगा तथा महिला सशक्तिकरण को मजबूती मिलेगी। झारक्राफ्ट लगातार राज्य के कारीगरों, बुनकरों और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके हुनर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच दिलाने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि कोलकाता जैसे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक शहर में झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम की शुरुआत झारखंड के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। झारखंड अपनी समृद्ध हस्तशिल्प, हथकरघा, तसर सिल्क, डोकरा कला, बाँस एवं लकड़ी के शिल्प और जनजातीय संस्कृति के लिए पूरे देश में विशेष पहचान रखता है।
उद्योग सचिव श्री अरवा राजकमल ने कहा कि कोलकाता कला, साहित्य और संस्कृति का केंद्र रहा है। ऐसे शहर में झारक्राफ्ट के इस नए इम्पोरियम की स्थापना दो राज्यों की सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने का कार्य करेगी। यहां आने वाले ग्राहकों को झारखंड की पारंपरिक कला और आधुनिक डिजाइन का सुंदर संगम देखने को मिलेगा।
झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह नया इम्पोरियम कोलकाता के लोगों के बीच विशेष लोकप्रियता प्राप्त करेगा और झारखंड की कला एवं संस्कृति को नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में अन्य महानगरों में भी झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम खोलने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
झारक्राफ्ट के विभिन्न उत्पादों में साड़ियाँ, डिजाइनर कुर्ती, सलवार सूट, स्कार्फ, दुपट्टा, शर्ट, कुर्ता, बंडी, शॉल, रेशम के कपड़े और लेदर बैग आदि शामिल हैं, जिनकी देश-विदेश में मांग लगातार बढ़ रही है।
