राज्यपाल, मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष ने डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

रांची। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मंगलवार को रांची के लोकभवन में भारतीय संविधान के शिल्पकार एवं महान समाज सुधारक बाबासाहेब ‘भारत रत्न’ डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उनके प्रति अपनी श्रद्धा-सुमन अर्पित की। वहीं,मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बाबा साहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर शत-शत नमन किया है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि भारत के संविधान के शिल्पकार बाबा साहेब ने देश को ऐसा मजबूत लोकतांत्रिक आधार दिया, जिसमें समानता, समता, न्याय और अधिकार की आत्मा बसती है। उन्होंने कहा है कि संविधान की यही ताकत शोषित, वंचित, आदिवासी और पिछड़े समाज के लिए आशा,सम्मान और आगे बढ़ने का सबसे बड़ा सहारा बनी है। विपरीत परिस्थितियों में भी उनका संघर्ष, उनका साहस और शिक्षा के प्रति उनका समर्पण हम सबके लिए प्रेरणा का दीप है।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने सिर्फ संविधान नहीं बनाया,बल्कि देश के लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और सजग बनने की राह दिखाई। आइए, इस पावन अवसर पर हम बाबा साहब के विचारों को आत्मसात कर एक ऐसे समाज के निर्माण का संकल्प लें,जहां हर व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और न्याय मिले।

पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भारत के संविधान निर्माता डॉ.भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि डॉ अंबेडकर ने समाज के वंचित और शोषित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया और एक न्यायपूर्ण व्यवस्था की नींव रखी।

उन्होंने कहा है कि बाबासाहब के आदर्शों को आत्मसात कर हम एक ऐसे भारत के निर्माण का संकल्प लें,जिससे समानता,न्याय और बंधुत्व की भावना सुदृढ़ हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top