चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम), 13 अप्रैल:
पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा में आयोजित कोल्हान मंडल मुखिया सम्मेलन में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह शामिल हुईं। सम्मेलन में बड़ी संख्या में मुखियाओं की उपस्थिति रही, जहां पंचायत स्तर पर किए जा रहे कार्यों और विकास योजनाओं पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले मुखियाओं को सम्मानित किया और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य में लंबे अंतराल के बाद पेसा (PESA) नियमावली को लागू किया गया है, जिससे ग्राम सभाओं को वैधानिक अधिकार प्राप्त हुए हैं। यह कदम ग्रामीण स्वशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
मंत्री ने कहा कि ग्राम सभाओं को सशक्त बनाकर ही ग्रामीण विकास को गति दी जा सकती है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करें, ताकि अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंच सके।
उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयास से सशक्त और आत्मनिर्भर ग्रामीण झारखंड का निर्माण संभव है।
सम्मेलन में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ-साथ संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे और विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श किया गया।
