रांची, 13 अप्रैल 2026:
बोकारो के पिडराजोरा थाना कांड में 28 पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के निलंबन को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है। एसोसिएशन ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि इस मामले में पुलिस अधीक्षक स्तर पर समीक्षा और कार्रवाई में विफलता रही है, जिसका खामियाजा अधीनस्थ कर्मियों को भुगतना पड़ रहा है।
एसोसिएशन का आरोप है कि नियंत्रण की कमी और अपनी विफलता छुपाने के लिए एक साथ 28 कर्मियों को निलंबित करना न्यायोचित नहीं है। संगठन ने साफ कहा कि वह अपने सदस्यों के हित और न्याय के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार है।
झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने सरकार और संबंधित प्राधिकरण से मांग की है कि निलंबित पुलिसकर्मियों को तुरंत बहाल किया जाए। साथ ही बोकारो के पुलिस अधीक्षक को अविलंब हटाने और पुलिस पदाधिकारियों के ट्रांसफर-पोस्टिंग में पारदर्शिता लाने की भी मांग की गई है।
एसोसिएशन ने यह भी कहा कि हाल के दिनों में जिला स्तर पर बढ़ रही अनियमितताओं को लेकर वह पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक से मुलाकात कर सभी बिंदुओं को उनके समक्ष रखेगा। साथ ही जिले में अक्षम वरिष्ठ पदाधिकारियों के संबंध में सरकार को भी अवगत कराया जाएगा।
