एसपी ने हत्या मामले में की कार्रवाई, पिंड्राजोरा थाना प्रभारी सहित थाने के सभी 28 पुलिसकर्मी निलंबित

बोकारो। बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने जिले के पिण्ड्राजोरा थाना क्षेत्र में हुए पुष्पा महतो अपहरण और हत्या केस में पिंड्राजोरा थाना प्रभारी अभिषेक रंजन सहित थाना के सभी 28 अधिकारियों एवं कर्मियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित होने वालों में थाने में तैनात दस सब इंस्पेक्टर, पांच सहायक अवर निरीक्षक, दो हवलदार व 11 सिपाही शामिल हैं।

युवती पुष्पा महतो के गायब होने की सूचना उसकी मां ने 24 जुलाई, 2025 को दी थी। इस सूचना के बाद भी दसवें दिन चार अगस्त को इस मामले में थानेदार ने प्राथमिकी की थी। एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि कांड का खुलासा करने के लिए थाना प्रभारी अभिषेक रंजन की अगुवाई में एक एसआइटी का गठन किया गया था।

समीक्षा के दौरान यह बात सामने आई कि एसआइटी ने दिए गए निर्देशों का पूरी तरह से पालन नहीं किया। अनुसंधान के दौरान अभियोजन पक्ष को कमजोर करते हुए आरोपित को लाभ पहुंचाने के उदेश्य से कार्य किया जा रहा था। एसपी ने बताया है कि कांड का तुरंत उद्भेदन करने के लिए सिटी डीएसपी आलोक रंजन की अगुवाई में एक दूसरी एसआइटी बनाई गई।

दूसरी एसआइटी ने सिर्फ एक दिन में आरोपित को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर अपहृत युवती की मौत की गुत्थी सुलझा ली। हड्डी, बाल बरामद किया गया। उस चाकू को भी खोज निकाला गया जिससे युवती की आरोपित ने हत्या की थी। जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपित दिनेश और पुष्पा के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे।

पुष्पा लगातार शादी के लिए दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर दिनेश ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। उसने पुष्पा को चास कॉलेज बुलाने के बहाने झांसा दिया और वहां से पास के जंगल ले गया, जहां चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छिपा दिया।

एसपी के अनुसार इससे यह स्पष्ट हुआ कि थाना में पदस्थापित सभी कर्मी व अधिकारियों ने कांड का उद्भेदन करने में अपेक्षित सहयोग नहीं किया। थाना की गोपनीयता भी नहीं बनाए रखा। आरोपित को बचाने के लिए रुपये के लेनदेन की शिकायत भी मिली। आरोपित के साथ थाना में पार्टी भी करने की सूचना मिली है। उल्लेखनीय है कि इस मामले में न्याय के लिए परिजन उच्च न्यायालय गए । अदालत ने पुलिस की लापरवाही पर सख्त आदेश दिया था। इसके बाद कार्रवाई की गई। मृत युवती का गत शनिवार को कंकाल बरामद किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top