कटिहार/पटना। ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत कटिहार साइबर थाना ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक साइबर, अपराध अनुसंधान विभाग, पटना के निर्देशानुसार कटिहार साइबर थाना ने 26 संदिग्ध म्यूल खातों का सत्यापन किया है। इस कार्रवाई में अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक चार्टर्ड अकाउंटेंट भी शामिल है।
गिरफ्तार लोगों में निशात अग्रवाल, रवि शंकर रवि, कैलाश प्रसाद साह, रिन्दु कुमार, राजेश कुमार मिश्रा और कौशल कुमार (आईसीआईसीआई बैंक के ब्रांच मैनेजर) शामिल हैं। इन लोगों पर आरोप है कि उन्होंने अपने खातों को साइबर अपराधियों को दिया था और अवैध लेनदेन में मदद की थी।
पुलिस ने बताया कि इन लोगों ने अपने खातों में करीब 2 करोड़ 20 लाख रुपये का अवैध लेनदेन किया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है और बाकी संदिग्ध खातों का सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस ने खाता धारकों से अपील की है कि अपने बैंक खातों का उपयोग अवैध लेनदेन में ना करें और अपनी निजी जानकारी अनजान व्यक्ति से साझा ना करें।

