बरहरवा/दुमका:
बरहरवा प्रखंड में एसबी (स्पेशल ब्रांच) की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) नंदन कुमार को 40 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम उन्हें अपने साथ दुमका लेकर रवाना हो गई।
जानकारी के अनुसार, एमओ नंदन कुमार पर आरोप है कि उन्होंने आलमगीर आलम नामक डीलर से रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित द्वारा इसकी शिकायत एसबी टीम से की गई, जिसके बाद पूरी योजना बनाकर कार्रवाई की गई।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत एसबी की टीम सादे लिबास में बरहरवा पहुंची। जैसे ही डीलर ने 40 हजार रुपये एमओ को दिए, टीम ने मौके पर ही उन्हें पकड़ लिया। इस कार्रवाई से प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया।
एसबी टीम ने स्थानीय थाना को मामले की सूचना देते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और आरोपी को दुमका ले गई। बताया जा रहा है कि टीम में 4-5 अधिकारी शामिल थे और पूरी कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दी गई, जिससे किसी को भनक तक नहीं लगी।
गौरतलब है कि हाल ही में झारखंड सरकार द्वारा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई थी और नंदन कुमार की यह पहली पोस्टिंग बरहरवा प्रखंड में हुई थी। इस कार्रवाई ने एक बार फिर सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार के मुद्दे को उजागर कर दिया है।

