पलामू। पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देशानुसार जिले में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, अवैध हथियारों एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के उद्देश्य से 37 स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
पुलिस की विभिन्न टीमों की ओर से प्रमुख मार्गों एवं निर्धारित स्थानों पर वाहनों को रोककर उनके कागजात, नंबर प्लेट तथा यातायात नियमों के अनुपालन की गहन जांच की गई।
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट एवं फैंसी नंबर प्लेट, ब्लैक फिल्म एवं अनधिकृत रूप से मॉडिफाई एवं नेम बोर्ड व एक्स्ट्रा लाइट का प्रयोग, बिना हेलमेट एवं बिना सीट बेल्ट, शराब के नशे में तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गतिविधियों की जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को बताया कि 37 जगहों पर कुल 1538 वाहनों की जांच की गई जिन में 1002 दो पहिया और 538 चार पहिया वाहन शामिल हैं। 10 दो पहिया वाहनों को जब्त किया गया। जिले में अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने एवं सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के सघन जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। लोग यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। शराब के नशे में वाहन न चलाएं तथा वाहनों में अनधिकृत बदलाव करने से बचें।
