राँची: नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में आयोजित 18वीं वर्ल्ड अर्निस चैंपियनशिप-2026 में पदक जीतकर लौटे झारखण्ड के खिलाड़ियों ने सोमवार को लोक भवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की।
राज्यपाल ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को उनकी शानदार सफलता पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक हासिल करना खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास का प्रतिफल है। राज्यपाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आह्वान किया कि वे भविष्य में भी इसी लगन और समर्पण के साथ खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखें तथा देश और राज्य का नाम रोशन करें।
इस अवसर पर टीम के कोच श्री विश्वजीत कुमार के साथ पदक विजेता खिलाड़ी लखन उराँव, आरित उराँव, अध्विक उराँव, ईशान भगत और कुमकुम विश्वकर्मा उपस्थित रहे।

