कोचिंग जाने के लिए घर से निकलीं दो नाबालिग चचेरी बहनें लापता, परिजनों ने थाने में दी शिकायत

कोडरमा। कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र की तिलैया बस्ती से कोचिंग जाने के लिए घर से निकलीं दो नाबालिग चचेरी बहनें संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। गुरुवार, 5 नवंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे घर से निकलीं दोनों छात्राएं देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद दोनों परिवारों ने तिलैया थाना पहुंचकर पुलिस से छात्राओं की तलाश करने की गुहार लगाई है। घटना के बाद परिजन चिंतित हैं।

लापता छात्राओं में एक मनोज साव की 15 वर्षीय पुत्री है, जबकि दूसरी उनके भाई रवि साव की 14 वर्षीय पुत्री है। परिजनों के अनुसार, दोनों रोज की तरह कोचिंग जाने की बात कहकर घर से निकली थीं। निर्धारित समय पर वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने पहले कोचिंग सेंटर में जानकारी ली। इसके बाद आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां भी उनकी तलाश की गई, लेकिन दोनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। अंततः परिजनों ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

विद्यालय में हुए प्रदर्शन से भी जुड़ रही चर्चा

मामले का एक अन्य पहलू भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि लापता छात्राओं में से एक सीडी बालिका मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय की छात्रा है। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक शशिभूषण सिंह के निलंबन के विरोध में छात्राओं की ओर से किए गए प्रदर्शन में उसके शामिल होने की भी चर्चा है। हालांकि, विद्यालय में हुए प्रदर्शन और दोनों छात्राओं के लापता होने के बीच किसी तरह के संबंध की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

परिजनों की शिकायत मिलने के बाद तिलैया थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों नाबालिग छात्राओं की तलाश कर रही है। साथ ही उनके अचानक लापता होने के संभावित कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं से छानबीन की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top