रांची: राजधानी रांची से एक बेहद सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है। चर्चित आदिवासी नेत्री निशा भगत ने आत्महत्या कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
आत्महत्या से पहले फेसबुक लाइव पर लगाए आरोप मिली जानकारी के अनुसार, यह आत्मघाती कदम उठाने से पहले निशा भगत फेसबुक पर लाइव आई थीं। सोशल मीडिया पर लाइव रहने के दौरान उन्होंने कई लोगों पर गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए। उन्होंने अपनी पीड़ा साझा करते हुए कुछ व्यक्तियों को अपनी मानसिक प्रताड़ना और इस स्थिति तक पहुंचने का जिम्मेदार ठहराया।
थाना प्रभारी को फोन कर दी थी सूचना फेसबुक लाइव समाप्त करने के बाद निशा भगत ने सीधे पिठोरिया थाना प्रभारी को फोन किया। फोन पर उन्होंने पुलिस को साफ शब्दों में बताया कि वह अपनी जीवन लीला समाप्त करने जा रही हैं। थाना प्रभारी को सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल हरकत में आई और मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
जांच में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस निशा भगत के सोशल मीडिया लाइव वीडियो, कॉल डिटेल्स और अन्य सबूतों को खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फेसबुक लाइव में लगाए गए तमाम आरोपों की गंभीरता से जांच की जाएगी और मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई होगी।

