रांची। लोक आस्था के महापर्व छठ के शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा के निर्देश पर आईजी अभियान नरेंद्र कुमार सिंह ने राज्य के 14 संवेदनशील जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल, रैपिड एक्शन पुलिस, महिला लाठी बल और अश्रु गैस दस्तों की प्रतिनियुक्ति के आदेश जारी किए हैं।
इन जिलों में रांची, जमशेदपुर, हजारीबाग, लोहरदगा, गिरिडीह, सरायकेला, बोकारो, पलामू, गढ़वा, लातेहार, रामगढ़, देवघर, धनबाद और साहिबगंज शामिल है।
जारी आदेश के अनुसार, इन सभी जिलों सुरक्षा बलों की तैनाती 13 नवंबर की सुबह से लेकर 16 नवंबर की सुबह तक प्रभावी रहेगी। पर्व की समाप्ति के बाद, 16 नवंबर की दोपहर में रांची और जमशेदपुर में पहले से तैनात बलों को छोड़कर अन्य सभी अतिरिक्त बलों को उनकी मूल वाहिनी या इकाई में वापस लौटाना सुनिश्चित किया जाएगा।
छठ महापर्व को लेकर राज्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर झारखंड पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
राज्यभर में छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। जिलों के पुलिस अधीक्षकों की ओर से सुरक्षा के लिए जितने अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई थी, उसे पूरा कर दिया गया है। इसके साथ ही छठ घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन को लेकर भी तैयारी की गई है।
आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता नरेंद्र सिंह ने गुरुवार को बताया कि छठ पूरे देश में मनाया जाने वाला बहुत ही पवित्र पर्व है। इस पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। सभी जिलों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी ली गई है। जहां जितने पुलिस बल की आवश्यकता बताई गई थी, वहां उस मांग को पूरा कर दिया गया है। पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों पर नजर रखी जा रही है।
छठ घाटों पर बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां पहुंचती हैं। इसे देखते हुए महिला सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की गश्ती बढ़ाई जाएगी। छिनतई, चोरी, छेड़खानी और अन्य आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। जरूरत के अनुसार सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी निगरानी करेंगे।
आईजी नरेंद्र सिंह ने कहा कि छठ के दौरान सामान्य तौर पर अपराध की घटनाएं कम देखने को मिलती हैं, लेकिन फिर भी पुलिस लगातार सतर्क रहेगी और हर स्थिति पर नजर रखेगी और किसी भी तरह की शरारत या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

