विधायक ने किया बनई नदी पुल के निर्माण कार्य का शिलान्यास

खूंटी। तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने शुक्रवार को खूंटी जिले के अंतिम छोर पर बसे सुदूरवर्ती गांव फटका और फडिंगा के बीच स्थित बनई नदी पर बनने वाले बहुप्रतीक्षित पुल का शिलान्यास किया। पुल का निर्माण चार करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से होगा।

इस मौके पर ग्रामीणों ने पारंपरिक रूप से विधायक का स्वागत किया।

मौके पर विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि आजादी के बाद इस क्षेत्र में पहली बार पुल का निर्माण हो रहा है। चुनाव जीतने के बाद उन्होंने इस योजना को अपनी पहली प्राथमिकता के रूप में पास कराने का प्रयास किया, जिससे आज क्षेत्र के अंतिम टोले फडिंगा के लोगों की सदियों पुरानी मांग पूरी हो रही है। उन्होंने कहा कि खूंटी और सिंहभूम जिले को जोड़ने वाला यह पुल ग्रामीणों की कई बुनियादी समस्याओं का समाधान करेगा। खासकर प्रसव के दौरान महिलाओं को अस्पताल ले जाने में होने वाली गंभीर परेशानियों से अब निजात मिलेगी।

शिलान्यास के दौरान ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष गांव में एक सामुदायिक भवन और फटका से तपकरा तक पक्की सड़क निर्माण की मांग रखी। इस पर आश्वासन देते हुए विधायक ने कहा कि जल्द ही फटका से तपकरा और लोहाजिमी गांव तक सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा, संकतयोर वाले पुल के निर्माण की भी योजना है।

मौके पर झामुमो के जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि ग्रामीणों की लंबे समय से लंबित मांग अब धरातल पर उतर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि फटका पंचायत में जल्द ही एक हाई स्कूल बनवाने का भी प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष रुबेन तोपनो, विश गुड़िया, जोलेन तोपनो, मोजिर अंसारी, जेम्स आइन्द, अमित बडिंग, चंदन ठाकुर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top