झारखंड में 3,200 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदे सरकार : डॉ. दिनेशानंद

पूर्वी सिंहभूम। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने धान खरीद के मुद्दे पर झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार को घेरते हुए किसानों से किया गया चुनावी वादा पूरा करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान सरकार ने किसानों से 3,200 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने का वादा किया था, लेकिन अब सरकार इससे पीछे हटती नजर आ रही है।

शुक्रवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर के साकची स्थित जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ. गोस्वामी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड मुक्ति मोर्चा ने चुनाव से पहले किसानों को 3,200 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने का भरोसा दिया था। वर्तमान में केंद्र सरकार की ओर से धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2,441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। राज्य सरकार 109 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दे रही है, जिससे किसानों को कुल 2,550 रुपये प्रति क्विंटल मिलेंगे। उन्होंने मांग की कि सरकार अपने चुनावी वादे के अनुरूप धान खरीद की दर 3,200 रुपये प्रति क्विंटल करे।

उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में सरकार ने छह लाख टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया था, जबकि इस वर्ष इसे घटाकर चार लाख टन कर दिया गया है। अच्छी बारिश और बेहतर फसल की संभावना के बावजूद खरीद का लक्ष्य कम करना किसानों के हितों के खिलाफ है। सरकार को पूर्व निर्धारित छह लाख टन का लक्ष्य फिर से लागू करना चाहिए।

डॉ. गोस्वामी ने धान क्रय केंद्रों पर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि नमी के नाम पर किसानों के धान में प्रति क्विंटल छह किलोग्राम तक कटौती किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुसार 17 प्रतिशत तक नमी वाले धान की खरीद की जा सकती है। ऐसे में किसानों की उपज में अनुचित कटौती नहीं होनी चाहिए।

भाजपा नेता ने धान खरीद में बिचौलियों की सक्रियता पर रोक लगाने और क्रय केंद्रों की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की, जिससे कि सरकारी खरीद का लाभ सीधे किसानों तक पहुंच सके।

पत्रकार वार्ता में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा और जिला सह मीडिया प्रभारी अखिल सिंह उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top