रांची। लोक आस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ इस वर्ष दुर्लभ और शुभ ग्रह-नक्षत्रों के संयोग में मनाया जाएगा। महापर्व का शुभारंभ 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगा। 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को प्रातः अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इस बार छठ अनुष्ठान के तीसरे दिन रविवार और षष्ठी तिथि का संयोग बन रहा है। रविवार भगवान सूर्य की आराधना के लिए समर्पित है। ऐसे में इस दिन विशेष योगों का बनना व्रतियों और उनके परिवारों के लिए अत्यंत शुभ एवं मंगलकारी माना जा रहा है।
आचार्य मनोज कुमार पाण्डेय के अनुसार, संतान की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना से व्रती 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत रखेंगे। इस दौरान अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की जाएगी।
उन्होंने बताया कि छठ महापर्व में षष्ठी तिथि को रविवार का संयोग सूर्योपासना के महत्व को और बढ़ा देता है। छठ व्रत को बल, आरोग्य, समृद्धि और संतान सुख प्रदान करने वाला माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस व्रत के पुण्य प्रभाव से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि आती है। संतान की कामना करने वाली महिलाओं के लिए भी यह व्रत विशेष फलदायी माना गया है।
चार दिनों तक ऐसे होंगे छठ के अनुष्ठान
13 नवंबर नहाय-खाय : महापर्व के पहले दिन व्रती पवित्र स्नान कर पूरी शुद्धता और सात्विकता के साथ कद्दू-भात का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसी के साथ चार दिवसीय छठ व्रत का संकल्प लिया जाएगा।
14 नवंबर खरना : दूसरे दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखेंगे। शाम को भगवान सूर्य और छठी मइया की पूजा-अर्चना के बाद गुड़ की खीर और गेहूं की रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होगी। खरना का प्रसाद रात्रि 9:01 बजे से पहले ग्रहण करने का विधान बताया गया है।
15 नवंबर संध्या अर्घ्य : महापर्व के तीसरे दिन व्रती जलाशयों और नदियों के घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस दिन सूर्यास्त का समय शाम 5:02 बजे निर्धारित है।
16 नवंबर उषा अर्घ्य और पारण : महापर्व के अंतिम दिन सुबह 6:04 बजे सूर्योदय के समय उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य दिया जाएगा। भगवान सूर्य और छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना के बाद प्रसाद वितरण होगा। इसके साथ ही व्रती पारण कर 36 घंटे के निर्जला उपवास का समापन करेंगे।

