देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए झारखंड सरकार ने देवघर और बासुकीनाथ के बीच विशेष हेलीकॉप्टर सेवा की विधिवत शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (नागर विमानन) के सौजन्य से शुरू की गई इस किफायती विमानन सेवा का सफल संचालन ‘झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट’ (JFI) द्वारा किया जा रहा है।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य देवतुल्य श्रद्धालुओं को तीव्र, सुलभ और सुरक्षित हवाई दर्शन का अनुभव प्रदान करना है। विशेष रूप से वृद्ध, दिव्यांग और समय की कमी का सामना कर रहे श्रद्धालुओं के लिए यह सेवा काफी मददगार साबित होगी, जिससे वे कम समय में बाबा बैद्यनाथ, बासुकीनाथ और त्रिकुट पर्वत का विहंगम दृश्य देख सकेंगे। प्रशासन ने हेलीपैड सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा के वैश्विक मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश जारी किए हैं।
राज्य सरकार ने आम जनमानस को ध्यान में रखते हुए हवाई यात्रा की दरें भी बेहद किफायती रखी हैं। देवघर तथा बासुकीनाथ के 07 से 10 मिनट के अलग-अलग आकाशीय परिदर्शन के लिए किराया ₹2,850 प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। वहीं देवघर से त्रिकूट पर्वत के 10 से 15 मिनट के परिदर्शन का शुल्क ₹3,750 प्रति व्यक्ति तय हुआ है। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए देवघर से बासुकीनाथ तक 15 मिनट की एकतरफा उड़ान सेवा भी ₹4,500 प्रति व्यक्ति में उपलब्ध कराई गई है।
इच्छुक श्रद्धालु हथगड़ मैदान में बनाए गए टिकट काउंटर से सीधे ऑफलाइन टिकट प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन जानकारी एवं बुकिंग के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.jharkhandaviation.in और पूछताछ या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9122583111 भी जारी किया गया है।

