खूंटी में ‘रन फॉर यूनिटी’ मैराथन: डीसी और एसपी ने भी लगाई दौड़

खूंटी। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को खूंटी में ‘रन फॉर यूनिटी मैराथन’ का आयोजन किया गया। बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम से शुरू हुई इस मैराथन में बड़ी संख्या में जिलावासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के माध्यम से एकता, आपसी सद्भाव, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।

मैराथन का शुभारंभ उपायुक्त मो जावेद हुसैन एवं पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान 5 किलोमीटर पुरुष वर्ग तथा 2.5 किलोमीटर महिला एवं बच्चों की दौड़ आयोजित की गई। खास बात रही कि उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक सहित उप विकास आयुक्त एवं अन्य प्रशासनिक पदाधिकारियों ने भी स्वयं दौड़ में शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग की 5 किलोमीटर दौड़ में अमन शमद ने प्रथम, मोहन होरो ने द्वितीय तथा तरुण कच्छप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, महिला वर्ग की 2.5 किलोमीटर दौड़ में संगीता मरांडी प्रथम, मरियम भेंगरा द्वितीय और पेरोनिका सोरेन तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेता प्रतिभागियों को मंच पर ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त मो जावेद हुसैन ने कहा कि खेल और शारीरिक गतिविधियों को प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। रन फॉर यूनिटी का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि लोगों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना भी है।

उन्होंने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार को प्रभावित करता है। समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

मौके पर पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में एकता, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं। साथ ही युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खूंटी जिले में खेल के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं और यहां के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित अवसर और मंच उपलब्ध कराने की।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों, प्रतिभागियों एवं नागरिकों को ‘से नो टू ड्रग्स’ के तहत नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। आयोजन में जिला प्रशासन के विभिन्न पदाधिकारियों एवं खेलप्रेमियों की सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top