प्रधानमंत्री मोदी का कल कर्नाटक दौरा, 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बेंगलुरु और मैसूरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में शहरी परिवहन, बिजली पारेषण, नवीकरणीय ऊर्जा, पेट्रोलियम अवसंरचना, अपशिष्ट प्रबंधन और रेलवे क्षेत्र से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

प्रधानमंत्री सुबह करीब 10:45 बजे बेंगलुरु स्थित प्रशांति कुटीरम में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे स्वर्ण जयंती प्रशासनिक भवन की आधारशिला रखेंगे और केरल के तिरुवनंतपुरम में स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान के ऑफ-कैंपस केंद्र का शुभारंभ करेंगे। वे समारोह को संबोधित भी करेंगे। वर्ष 1975 में स्थापित प्रशांति कुटीरम आधुनिक विज्ञान और भारत की आध्यात्मिक परंपरा के समन्वय के उद्देश्य से स्थापित किया गया था। यहां स्थित स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान को वर्ष 2002 में मानद विश्वविद्यालय का दर्जा दिया गया था। यह संस्थान योग शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में कार्यरत है।

इस कार्यक्रम में बेंगलुरु में जन्मे विचारक, लेखक और संगठनकर्ता होंगसंद्रा वेंकटरमैया शेषाद्री की जन्मशताब्दी भी मनाई जाएगी। उन्होंने वर्ष 1987 से 2000 तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह के रूप में कार्य किया था। प्रधानमंत्री दोपहर करीब 12:45 बजे तावरेकेरे से भारतीय विज्ञान संस्थान मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो से यात्रा करेंगे। इस दौरान वे कालेन अग्रहारा से तावरेकेरे तक बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन करेंगे। करीब 3,470 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस मार्ग से शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी। इससे यात्रियों का समय बचेगा और यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

इसके बाद दोपहर करीब 1:15 बजे प्रधानमंत्री बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री करीब 4,450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित कोप्पल-2 और गदग-2 नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों की बिजली पारेषण योजना का उद्घाटन करेंगे। इससे इन क्षेत्रों में उपलब्ध लगभग 2 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा को बिजली ग्रिड तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा करीब 1,370 करोड़ रुपये की लागत से विकसित बीदर सौर ऊर्जा क्षेत्र की पारेषण योजना का भी उद्घाटन किया जाएगा। इसके तहत बीदर पूलिंग स्टेशन स्थापित किया गया है, जिससे क्षेत्र की 2.5 गीगावाट सौर ऊर्जा का पारेषण संभव होगा। प्रधानमंत्री दावणगेरे, चित्रदुर्ग और बल्लारी नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों को जोड़ने वाली 3,450 करोड़ रुपये से अधिक की बिजली पारेषण योजना की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही दावणगेरे और बल्लारी में अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के एकीकरण के लिए ₹1,100 करोड़ से अधिक की लागत वाली बिजली पारेषण प्रणाली को मजबूत करने की परियोजना का भी शिलान्यास करेंगे।

प्रधानमंत्री मंगलुरु में 850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित देश की सबसे बड़ी भूमिगत एलपीजी भंडारण सुविधा राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसकी भंडारण क्षमता 80 हजार मीट्रिक टन है। इस परियोजना में न्यू मंगलुरु बंदरगाह से मुख्य टर्मिनल तक 9.4 किलोमीटर लंबी एलपीजी पाइपलाइन भी शामिल है। इससे रसोई गैस के भंडारण और परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा मंगलुरु रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड के बेंगलुरु स्थित देवनगुंठी मार्केटिंग टर्मिनल को भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। 330 करोड़ रुपयेकी लागत से निर्मित यह केंद्र पेट्रोलियम उत्पादों के भंडारण और वितरण को बेहतर बनाएगा।

प्रधानमंत्री बेंगलुरु के हरलाकुंटे में गेल के संपीड़ित जैविक गैस संयंत्र की आधारशिला रखेंगे। इस संयंत्र में प्रतिदिन लगभग 300 टन शहरी ठोस कचरे का प्रसंस्करण कर 12.6 टन संपीड़ित जैविक गैस का उत्पादन किया जाएगा। इससे वैज्ञानिक तरीके से कचरा प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा और पारंपरिक ईंधनों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित चार रेलवे स्टेशनों चामराजनगर, चिक्कमगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड का उद्घाटन करेंगे। इन स्टेशनों पर यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन्हें स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों और पर्यटन को बढ़ावा देने वाले केंद्रों के रूप में भी विकसित किया गया है।

प्रधानमंत्री गदग-होटगी दोहरीकरण परियोजना के तहत 45 किलोमीटर लंबे बागलकोट-वंडाल रेलखंड के दोहरीकरण को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इससे यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन सुगम होगा। साथ ही स्थानीय व्यापार और कुडगी एनटीपीसी संयंत्र को कोयले की आपूर्ति में भी सुविधा होगी। वे 55 किलोमीटर लंबे सकलेशपुर-सुब्रह्मण्य रोड घाट रेलखंड के विद्युतीकरण को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके पूरा होने के साथ ही बेंगलुरु-मंगलुरु रेल मार्ग पूरी तरह विद्युतीकृत हो जाएगा।

प्रधानमंत्री बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन बेंगलुरु, तटीय कर्नाटक और गोवा के बीच तेज रेल संपर्क उपलब्ध कराएगी। यह ट्रेन हासन, सकलेशपुर, मंगलुरु, उडुपी, मुरुदेश्वर, गोकर्ण और कारवार होते हुए गोवा के मडगांव पहुंचेगी। इससे यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

बेंगलुरु के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री मैसूरु जाएंगे। दोपहर करीब 3:30 बजे वे भारत वन में पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आयोजित किया जाएगा। भारत वन को जापान की मियावाकी पद्धति से विकसित किया जा रहा है। 17.63 एकड़ क्षेत्र में फैली इस परियोजना के तहत दो लाख से अधिक देशी प्रजातियों के पेड़ लगाने का लक्ष्य है। इसमें गोबर, कंपोस्ट और जीवामृत जैसे प्राकृतिक पदार्थों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे जैव विविधता बढ़ाने, भूजल पुनर्भरण, वायु प्रदूषण कम करने और स्थानीय पर्यावरण को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

शाम करीब 4 बजे प्रधानमंत्री मैसूरु विश्वविद्यालय परिसर में स्थित कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल का उद्घाटन करेंगे। भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान द्वारा निर्मित यह भारत का पहला एलईडी डोम तारामंडल है। यह चामुंडी पहाड़ियों की तलहटी में स्थित है। इस अत्याधुनिक तारामंडल में 15 मीटर का झुका हुआ गुंबद बनाया गया है, जिसमें करीब 6,150 पैनल और 4.2 करोड़ अलग-अलग एलईडी लगी हैं। पारंपरिक तारामंडलों में प्रोजेक्टर के माध्यम से गुंबद पर तस्वीरें दिखाई जाती हैं, जबकि यहां एलईडी पैनलों को वास्तविक समय में नियंत्रित किया जा सकता है। इससे दर्शकों को खगोल विज्ञान से जुड़ा विशेष दृश्य अनुभव मिलेगा।

यहां खगोल विज्ञान पर आधारित कार्यक्रमों के साथ मैसूरु के इतिहास और खगोल विज्ञान के संबंध को दर्शाने वाली विशेष फिल्म भी दिखाई जाएगी। ये कार्यक्रम कन्नड़, अंग्रेजी और हिंदी भाषाओं में उपलब्ध होंगे। केंद्र में प्रदर्शनी हॉल, खगोलीय मॉडलों और कलाकृतियों का संग्रहालय, व्याख्यान कक्ष, प्रशिक्षण केंद्र और संवादात्मक बाहरी प्रदर्शनियां भी स्थापित की गई हैं। इस केंद्र की गतिविधियां भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान के अनुसंधान और देश में खगोलीय विज्ञान के प्रचार-प्रसार को भी सहयोग प्रदान करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top